अंबाला सिटी। छुट्टी के दिन क्रिकेट खेलने जा रहे रहे 16 वर्षीय किशोर गंभीर को कालका चौक के पास कैंटर चालक ने चपेट में ले लिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि कैंटर चालक किशोर को करीब 100 मीटर तक घसीटता ले गया। इससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक गंभीर बलदेव नगर के गुरुनानक नगर का रहने वाला था। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सिटी के नागरिक अस्पताल में ले जाया। कागजी कार्रवाई के बाद मौके से फरार हुए कैंटर चालक पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मृतक के पिता बहादुर ने बताया कि रविवार को उनका बेटा सुबह पांच बजे अपने दोस्तों के साथ खेलने के लिए पुलिस लाइन मैदान जा रहा था। उसके साथ दो बच्चे साइकिल पर थे। कालका चौक के पास गंभीर साइकिल से उतरा और पैदल ही सड़क पार करने लगा।
इतने में ही एक कैंटर चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर के सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि कालका चौक पर जितने भी कैमरे हैं, सभी खराब हैं। अगर कैमरे सही होते तो अब तक आरोपी को पकड़ लिया जाता। गंभीर उनका इकलौता पुत्र था और दो बेटियां है।
उधर, इस मामले में नेपाली एकता समाज के प्रधान कमल और प्रेम रासाली ने बताया कि जब तक पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं लेती, तब तक परिवार की ओर से सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चे के पिता को 10 लाख की सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। बलदेव नगर थाना पुलिस के अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना स्थल के सभी कैमरे खराब हैं। पुलिस अधिकारी आरोपी की तलाश में जुटे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक गंभीर का फाइल फोटो।