संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। उच्च विद्यालय जयसिंहपुरा में वीरवार को एफएलएन प्रशिक्षण के तहत खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की व्यवस्थाओं और अध्यापकों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अध्यापकों को प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए प्रत्येक पहलुओं को कक्षाओं में तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राथमिक शिक्षक और शिक्षा दोनों ही बच्चे की नींव को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से बच्चों की शिक्षा में रुचि बढ़ सकेगी और परिणामस्वरूप शिक्षा गुणवत्ता में सुधार होगा। एफएलएन ब्लॉक समन्वयक सुनील ढुल ने अध्यापकों को इस प्रशिक्षण में अधिक से अधिक भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस माैके पर अक्षय कुमार, प्रदीप सिंह, ललित कुमार, विकास कुमार, कुलदीप और मनजिंदर मौजूद रहे।