संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक तेज हो गई है। मंगलवार शाम तक मंडियों में 3 लाख 43 हजार 50 क्विंटल गेहूं पहुंच चुका था, जबकि इसमें से 3 लाख 41 हजार क्विंटल की खरीद हो चुकी है। मंडियों में अभी उठान की प्रक्रिया धीमी है। जिससे मंडियों में हर तरफ अनाज दिखने लगा है। लगातार मंडी में गेहूं की आवक हो रही है।
अभी तक तीनों एजेंसियों ने करीब 24.9 प्रतिशत का उठान किया है। वहीं, 18 अप्रैल से मौसम फिर खराब होने की संभावना है। जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें बढ़ रही हैं। किसान अपनी गेहूं कटवा रहे हैं और मंडी में दिन और रात में गेहूं पहुंच रही है। वहीं, मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
उधर, शहर की नई अनाज मंडी में नाले से गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही। जिससे गंदा पानी वापस मंडी में एकत्रित हो रहा है और मिट्टी की गाद जमा हो गई है। दरअसल, अनाज मंडी की दीवार के पास ही नया पुल बन रहा है। जिससे दीवार के पास मिट्टी अटने से नाले से पानी की निकासी नहीं हो रही। मार्केट कमेटी अधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करवाया। एनएचएआई के एसडीओ व अन्य अधिकारियों ने मंगलवार को मार्केट कमेटी सचिव के साथ बैठक की। मार्केट कमेटी अधिकारियों ने नाले की निकासी करवाने के लिए कहा है। मार्केट कमेटी सचिव दिलेल सिंह ने बताया कि एनएचएआई के एसडीओ ने जल्द दीवार के पास सफाई करवाने के लिए कहा है ताकि नाले से पानी की निकासी हो सके।
फिर बिगड़ेगा 18 से 20 अप्रैल के बीच मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर 21 अप्रैल तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान 18 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर खुश्क और दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी रह सकती है। बीच-बीच में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 18 अप्रैल रात्रि से 20 अप्रैल के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाने और गरज चमक के साथ उत्तरी व दक्षिण हरियाणा के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी हरियाणा के जिलों में हवा के साथ कुछ एक स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है। दिन के तापमान में हल्की कमी रह सकती है और रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। बीच-बीच में हवाएं चलने की भी संभावना है।