अंबाला। मणप्पुरम फाइनेंस शाखा में तीन अगस्त को हुए लूट के प्रयास के मामले में पुलिस के हाथ तीसरे दिन भी खाली रहे। नकाबपोश बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज जारी होने के बाद भी सुरक्षा एजेंसियां आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। हालांकि पुलिस की तरफ से इस मामले की जांच का जिम्मा सीआईए- 2 को सौंप दिया है। ठोस सुराग मिलने पर जल्द गिरफ्तारी होने की बात कही जा रही है।
वीरवार सुबह शाखा में लूट का प्रयास किया था। गनीमत यह रही थी कि अचानक अलार्म बज गया था और हथियारों से लैस नकाबपोश बदमाश मौके से फरार हो गए थे। सुरक्षा एजेंसियों ने तुंरत मौके पर पहुंचकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी थी। पुलिस को दी शिकायत में मणप्पुरम फाइनेंस लिमिटेड चंडीगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक राम मूर्ति ने बताया कि उन्हें सुबह नौ बजे अंबाला कैंट ब्रांच से एबीएच संदीप का फोन आया था। बताया कि वह बैंक खोलते ही पहले दो बदमाश आए और फिर दो ओर बदमाश हथियार लेकर घुस गए थे। हथियारों के बल पर पहले तो धमकाया और फिर लॉकर खोलने के लिए बोला था। अचानक अलार्म बजने पर वह मौके से फरार हो गए थे।