कैपिटल चौक पर बनाया गया वॉल हेंगिंग फव्वारा। संवाद
अंबाला। अंबाला-साहा नेशनल हाइवे का आकर्षण बढ़ने वाला है। यह आकर्षण अंबाला छावनी के कैपिटल चौक के नजदीक बनाए गए वॉल हैंगिंग फव्वारे का होगा जोकि पानी की बौछारों के बीच रंग-बिरंगी रोशनी से आई लव अंबाला सदर का संदेश प्रसारित करेगा। लगभग 35 लाख की लागत से चौक के नजदीक सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।
वहीं, फव्वारे का परीक्षण सफल हो गया है और इसे चलाकर भी देख लिया गया है। जबकि दूसरी तरफ इस फव्वारे के नजदीक ही एक छोटा फव्वारा भी बनाया जा रहा है। इस फव्वारे के ईद-गिर्द ग्रीन कॉरिडोर स्थापित किया जाएगा और यहां लोगों के बैठने की सुविधा के तहत बैंच भी लगाए जाएंगे। प्राप्त जानारी अनुसार इस प्रकार के फव्वारे पांच सितारा होटलों में देखने को मिलते थे।
इस फव्वारे के निर्माण से पहले नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता संदीप धीमान ने कड़ी मेहनत की। इसके पहले कई प्रकार के डिजाइन बनाए गए और फिर उच्चाधिकारियों से मान्यता दिलवाई।
गौरतलब है कि जिस जगह वॉल हैंगिंग फव्वारे का निर्माण किया गया है, यहां नगर परिषद की दुकानें होती थी। इन दुकानों को कुछ दूरी पर खाली देकर स्थानांतरित किया गया और फिर इस जगह के सौंदर्यीकरण को लेकर कार्रवाई आरंभ की गई। लेकिन बिजली की तारों के कारण काम लंबित हो गया। लेकिन अब योजना सिरे चढ़ गई है और आने वाले समय में यह अंबाला छावनी की एक विशेष पहचान भी होगा।
कैपिटल चौक के नजदीक 35 लाख की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। यहां दो फव्वारे लगाए जा रहे हैं। यहां का आकर्षण केंद्र वॉल हैंगिंग फव्वारा होगा जो अंबाला छावनी की भी एक विशेष पहचान होगी।
मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।
कैपिटल चौक पर बनाया गया वॉल हेंगिंग फव्वारा। संवाद