अंबाला सिटी। गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में जांच के लिए हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एचएसजीपीसी) की टीम को ग्रामीणों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। हंगामेदार बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बेशक गुरुद्वारा साहिब के तत्कालीन प्रबंधक को सस्पेंड कर दिया गया है, लेकिन आश्वासन के बाद भी उसके खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज नहीं करवाया गया। पहली पूछताछ में प्रबंधक ने एक मनोनीत सदस्य का भी नाम लिया था कि उसके कहने पर ही अर्द्धसैनिक बलों को रिहायशी कमरे दिए गए थे।
वहीं उन्होंने एतराज जताया कि जवानों को उनके कमरों में ही खाना परोसा जा रहा था और वो खुले में दाढ़ी बना रहे थे व तंबाकू खा रहे थे। यहीं नहीं ग्रामीणों ने कहा कि जो जवान कमरों में ठहरे थे, उनकी कोई भी जानकारी रजिस्टर में दर्ज नहीं की गई। इन खामियों का जवाब किसी भी पदाधिकारी के पास नहीं था।
ग्रामीणों की तरफ से 10 मांगों का प्रस्ताव एचएसजीपीसी की जांच कमेटी के समक्ष रखा गया। इस दौरान उन्होंने किसान आंदोलन में लंगर भेजने, गुरु घर में एक रसोई में खाना बनाने, खाना कमरों में न ले जाने, रिंग रोड के लिए नौ करोड़ में गुरुद्वारा साहिब की जमीन की जगह दूसरी जमीन लेने के बारे, दीवान हाॅल को साउंड प्रूफ बनाने, गुरुद्वारा परिसर में लगे बधाई के बोर्डों को हटाने, गुरुद्वारा साहिब में कार्यरत कर्मचारियों व पदाधिकारियों से संबंधित पूरी जानकारी देने, पांच करोड़ की लागत से बनाई गई अंडरग्राउंड पार्किंग की सुविधा के बारे, रहिरास साहिब के पाठ को गुरमत अनुसार पूरा करने, प्रत्येक रविवार कथा वाचक को गुरमत अनुसार प्रचार करने और गुरुद्वारा साहिब में की गई भर्ती के दौरान हलके से कितने लोगों को नौकरी दी गई है, के बारे में भी शिकायत देकर जानकारी मांगी गई है।
यह था मामला
दरअसल 12 व 13 फरवरी को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब और श्री मंजी साहिब के रिहायशी कमरों से आपत्तिजनक सामग्री, जिसमें शराब की बोतल, बीढ़ी, सिगरेट, तंबाकू की पुड़ियां व अन्य सामान मिला था। इसे लेकर सिख संगत व आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों में काफी रोष था कि गुरु घर की सीमा में ऐसे घिनौने काम हो रहे हैं। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एचएसजीपीस के प्रधान भूपिंदर सिंह असंध ने गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब के मैनेजर अर्शदीप सिंह को निलंबित और दो कर्मचारियों का तुरंत प्रभाव से तबादला कर दिया था।
प्रधान भूपिंदर सिंह असंध के निर्देश पर गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में हुई मंदभागी घटना की जांच के लिए मंगलवार को तीन सदस्यीय टीम आई थी। उन्हें आश्वासन दिया गया है कि जो भी रिपोर्ट तैयार होगी, वो निष्पक्ष होगी। वहीं पुलिस में मामला दर्ज कराने की जिम्मेदारी उन लोगों की है जो घटना के समय मौके पर मौजूद थे। वहीं सिखों की सर्वोच्च संस्था श्री अकाल तख्त साहिब में भी शिकायत दर्ज करवाई गई है और वो भी अपने स्तर पर जांच पड़ताल कर रहे हैं।
-जगसीर सिंह मांगेआना, जांच कमेटी पदाधिकारी, एचएसजीपीसी।