शास्त्री नगर स्थित मंदिर में सफाई कर अभियान की शुरुआत करते गृहमंत्री अनिल विज व अन्य।
अंबाला। हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सोमवार छावनी की शास्त्री कालोनी के शिव मंदिर में पहुंचकर सफाई की और प्रभु का आशीर्वाद लिया।
विज ने गत दिवस अंबाला में आयोजित श्रीराम यात्रा के दौरान लोगों से आह्वान किया था कि 22 जनवरी को अयोध्या के श्रीराम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा से पहले प्रतिदिन धर्म-स्थलों में जाकर साफ-सफाई करें जिससे मन शुद्ध होगा। इसी उद्देश्य के साथ प्रातः मंदिर में पहुंचकर स्वयं शुरुआत की। इस दौरान गृहमंत्री ने कहा कि 22 जनवरी तक जिस दिन अयोध्या राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इस दिन तक सारे देश को अपने आपको तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी तक सारे देवालयों व मंदिरों में भी आयोजन किए जाएंगे। इसलिए 22 तारीख तक हमें रोजाना अपने देवालयों और मंदिरों को साफ करना चाहिए।
इसके अलावा, मन को शुद्ध रखने के लिए हमें सात्विक भोजन करना चाहिए। मांस-मदिरा का सेवन न करें और तामसिक व राजसिक भोजन न खाएं क्योंकि यह उत्तेजना पैदा करता है। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी तक अंदर व बाहर राममय वातावरण बन जाए ताकि अच्छे माहौल में जो अनुष्ठान होने जा रहा है वह पूरा हो सके। इससे पहले, गृह मंत्री अनिल विज ने शिव मंदिर परिसर में पवित्र शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भगवान का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर पर पहुंचने पर शास्त्री कालोनी परिवार रेजिडेंट सोसाइटी के चेयरमैन कपिल विज के अलावा विपिन्न खन्ना, अनु विज, सविता विज, पूनम गुप्ता, रीटा नागपाल आदि मौजूद रहे।