अंबाला। छावनी के रॉबर्ट पैवेलियन मैदान में हरियाणा वूमेंस लीग 2023 फुटबाॅल मैच का सोमवार को आयोजन किया गया। यह मैच जिला फुटबाल संघ अंबाला द्वारा करवाया गया। इस लीग में सभी मैच होम एंड अवे नियम के आधार पर खेले जाएंगे। इसमें टीम एक मैच अपने घर के मैदान में खेलेगी और दूसरा मैच दूसरे शहर में। हरियाणा से छह टीमें इस लीग में भाग ले रही हैं।
इसमें हर टीम लगभग 10-10 मैच खेलेंगी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे अंबाला से सिटी यूनाइटेड फुटबाॅल क्लब की टीम और हिसार की मंगाली फुटबाॅल क्लब की गर्ल्स टीम के बीच मैच खेला गया। मैच के दौरान जिला फुटबाॅल संघ के प्रधान बीएस बिंद्रा ने दोनों टीमों की खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया। हिसार की मंगाली टीम शुरू से ही अंबाला टीम पर भारी रही। मंगाली टीम के खिलाड़ियों ने 41 मिनट में पहला गोल करते हुए बढ़त बनाई।
इसके बाद दूसरे हाफ में 85 मिनट में हिसार की टीम ने दूसरा गोल कर अंबाला की टीम को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया और अपनी जीत को पक्का कर दिया। इस तरह से हिसार की मंगाली टीम की खिलाड़ियों ने अंबाला की टीम को 2-0 से हरा दिया। अब अंबाला की टीम का अगला मैच 30 नवंबर और दो दिसंबर को खेला जाएगा। इस हरियाणा वूमेंस लीग की विजेता टीम इंडियन वूमेंस लीग के लिए क्वालीफाई करेगी। इस अवसर पर अरविंद कुमार, कुलबीर , हरीश कुमार ,विजय झा, प्रमोद व अन्य मौजूद रहे।