संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान अंबाला छावनी के उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय और सभी स्वास्थ्य इकाइयों धुरी, चंडीगढ़, शिमला, कालका, बठिंडा और उपमंडल सहारनपुर में व्यापक स्तर पर मनाया गया। इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम के देखरेख में विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत कुल 2683 लोग लाभान्वित हुए। इसमें 1776 महिलाएं और 907 पुरुष शामिल हैं। अभियान के दौरान 9 प्रमुख शल्य क्रियाएं, 13 लघु शल्य क्रियाएं, 2 नए कैंसर के मामले पाए गए और उपचार प्रारंभ हुआ। इस दौरान पांच नवजात शिशुओं का जन्म भी हुआ। इस पखवाड़े के दौरान अंबाला मंडल में 33 स्वास्थ्य शिविर और स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और उनके परिवारों का उत्साह बढ़ाना था।