शहजादपुर। बनोंदी शुगर मिल के निकट तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से हवलदार बलविंद्र सिंह की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर लगने के बाद कंटेनर कार को काफी दूर तक घसीटता ले गया। राहगीरों ने गंभीर रूप से घायल बलविंद्र को नजदीकी अस्पताल में ले गए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक शहजादपुर थाने में हवलदार था।
पुलिस को दी शिकायत में फतेहपुर गांव निवासी मोहित कुमार ने बताया कि वह टाइल बनाने की फैक्टरी में काम करता है। 15 मई को वह अपनी रिश्तेदारी धनाना गांव से वापस अपने गांव जा रहा था। महाराणा प्रताप चौक शहजादपुर पर उसकी मुलाकात फतेहपुर निवासी चाचा बलविंद्र सिंह से हुई थी। वह हरियाणा पुलिस में है और शहजादपुर में हवलदार के रूप में तैनात है। बातचीत होने के बाद चाचा ड्यूटी के लिए नारायणगढ़ की ओर जा रहे थे। वह भी उनके पीछे-पीछे जा रहा था। इस दौरान बनोंदी शुगर मिल के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी और उनकी कार को काफी दूर तक घसीटता ले गया। गंभीर रूप से घायल होने पर उसने चाचा को शहजादपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चाचा बलविंद्र को मृत घोषित कर दिया। कंटेनर चालक की पहचान महेंद्रगढ़ के बदोपुर गांव निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।