अंबाला सिटी। अतिरिक्त उपायुक्त विराट ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय में समाधान शिविरों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर और संतोषजनक ढंग से होना चाहिए। बैठक में एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाली हर शिकायत को पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें ताकि उनकी प्रभावी निगरानी हो सके। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी तालमेल बढ़ाएं और मौके पर ही निपटान का प्रयास करें। यदि किसी मामले में वेरिफिकेशन जरूरी है, तो उसे भी समय सीमा के भीतर पूरा करें। एडीसी ने यह भी हिदायत दी कि शिविरों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाए। बैठक में एसडीएम दर्शन कुमार सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।