संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। शहर के अग्रसेन चौक स्थित एक होटल में हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसका नेतृत्व मंडल जिलाध्यक्ष नीरू वढेरा ने किया। वढेरा ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से दिवाला पिट चुका है। प्रदेश में हर रोज व्यापारी वर्ग व आम जनता के साथ लूटपाट, फिरौती, अपहरण, हत्या व चोरी की वारदातें हो रही हैं।
अपराधी खुलेआम दिनदहाड़े फायरिंग करके व्यापारियों से फिरौती और मंथली मांग रहे हैं। वढेरा ने कहा कि बीते माह साहा के नहौनी गांव में विक्रम वर्मा सोना व्यापारी जब अपनी कार में सवार होकर अपने घर पर जा रहा था, उससे लूटपाट की कोशिश की गई। सरकार को व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा के लिए कठोर कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यापारी व आम जनता पर नए-नए टैक्स लगाकर व टैक्सों में बढ़ोतरी करके जनता पर आर्थिक बोझ डालने का काम किया है।
व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव देवेंद्र वर्मा ने कहा कि व्यापारी और आम जनता की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी सरकार को पूर्णतः निभानी चाहिए। जिला सचिव मोहिंद्र जुनेजा ने कहा कि सरकार को व्यापार और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देनी चाहिए। सरकार की गलत नीतियों से गांव स्तर पर छोटे-छोटे उद्योग करीब 80 प्रतिशत बंद हो गए हैं। सरकार को गांव में छोटे-छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए बिना ब्याज के लोन व सस्ती जमीन उपलब्ध करानी चाहिए और जीएसटी में छूट देनी चाहिए।