अंबाला। महेश नगर में नवनिर्मित अटल पार्क के उद्घाटन रविवार को गृहमंत्री अनिल विज ने किया। अटल पार्क का मुआयना करने के बाद लगाए गए ओपन जिम एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। पार्क का रखरखाव करने वाली नागरिक मंच संस्था के पदाधिकारियों द्वारा मंत्री अनिल विज का स्वागत किया गया। वहीं पार्क में पौधारोपण भी हुआ।
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि एक शहर मकानों या सड़कों से नहीं बनता, पार्क भी शहर की आवश्यकता होते हैं। पार्कों में लोग एक साथ आकर बैठते हैं जिससे हमारा सोशल ताना-बाना मजबूत होता है। पार्कों के रखरखाव के लिए सरकार द्वारा योजना बनाई गई है कि रेजिडेंस सोसाइटियां पार्कों का रखरखाव करना चाहे तो उन्हें कुछ राशि हर माह प्रदान की जा सकती है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि जितने भी पार्क कालोनियों में बने हैं वहां के लोग आगे आए और अपनी संस्था को रजिस्टर्ड कराकर पार्क की देखरेख का दायित्व प्राप्त करें। इस मौके पर नागरिक मंच के अध्यक्ष वीके जैन, उपाध्यक्ष वीके शर्मा, महासचिव प्रवीण शर्मा, संयुक्त सचिव सुरेश, भाजपा उपाध्यक्ष जसबीर जस्सी, महेशनगर मंडल अध्यक्ष अजय पराशर, अध्यक्ष राजीव गुप्ता डिम्पल, श्याम सुंदर अरोड़ा, सुरेंद्र तिवारी, अजय बवेजा, पूर्व चेयरमैन नीलम शर्मा, दीपक भसीन, रमन अग्रवाल एवं अन्य मौजूद रहे।
-
आज लोग टीवी के समक्ष कैद, पार्कों में बैठने से जान सकते हैं सुख-दुख: विज
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि लोग घरों में टीवी के समक्ष कैद हो गए हैं और आस पड़ोस से कट गए हैं। इसलिए पार्क, क्लब, सोसायटियां बनाकर दी है ताकि समय निकालकर लोग यहां आकर बैठे, बातचीत के जरिए एक-दूसरे का दुख-सुख जाने और जाने की देश-प्रदेश में क्या किया जा रहा है और क्या करने की आवश्यकता है।
-