संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत अंबाला के बड़ौला गांव पहुंचे। उन्होंने गोवा मुक्ति आंदोलन में शहीद हुए मास्टर करनैल सिंह की धर्मपत्नी चरणजीत कौर को सम्मानित किया। इस सम्मान की घोषणा सरकार ने आजादी का अमृत महोत्सव और गोवा की मुक्ति के 60 साल मनाते हुए की थी। डॉ. प्रमोद सांवत ने चरणजीत कौर को 10 लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने उन्हें श्रीफल, स्मृति चिह्न व प्रमाणपत्र देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मौके पर उनके साथ शहर के विधायक असीम गोयल नन्यौला मौजूद रहे।
गोवा के मुख्यमंत्री सांवत ने परिजनों की मांग पर गोवा स्थित पात्रादेवी बॉर्डर की मुख्य सड़क का नाम शहीद करनैल सिंह के नाम से रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि वहां पर उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि 1955 में गोवा मुक्ति आंदोलन में जिन्होंने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई है, ऐसे सभी लोगों को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सम्मानित किया जा रहा है। गोवा में 15 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में ऐसे सभी लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें शहीद करनैल सिंह के परिजन भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में चरणजीत कौर के भाई गुरचरण सिंह व उनकी भाभी कुलवंत कौर पहुंची थी। उन्होंने उन्हें बड़ौला गांव में आने का निमंत्रण दिया था। उन्होंने शहीद करनैल सिंह बैनीपाल को श्रद्धांजली भी दी।
डॉ. सांवत ने कहा कि गोवा सरकार चरणजीत कौर के साथ है। जो भी मदद या कोई बात परिजनों द्वारा उनके संज्ञान में लाई जाएगी, उसके लिए वे हमेशा उनके साथ हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अमृत महोत्सव के तहत अनसंग वीरों को सम्मानित करने का जो कार्य किया जा रहा है वह काफी सराहनीय है। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सांवत ने चरणजीत कौर, उसके भाई गुरचरण सिंह, भाभी कुलवंत कौर, परमजीत बड़ौला, महेन्द्र सिंह व अन्य से मिलकर परिवार का कुशलक्षेम पूछा।
मुख्यमंत्री की ओर से आए विधायक
विधायक असीम गोयल ने मुख्यमंत्री गोवा डॉ. प्रमोद सांवत का स्वागत किया व शहीद करनैल सिंह की पत्नी चरणजीत कौर का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि शहीद करनैल सिंह ने बड़ौला गांव का नाम रोशन किया है। शहीद करनैल सिंह अनसंग हीरो हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा मनोहर लाल को यहां आना था लेकिन उनका दुबई में कार्यक्रम था। उन्हीं के निर्देशानुसार वे आज यहां आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से गांव के प्राइमरी स्कूल का नाम चरणजीत कौर व शहीद करनैल सिंह के नाम से रखे जाने की बात कही। इसके लिए ग्राम पंचायत एक प्रस्ताव पास करे। साथ ही स्कूल के प्रांगण में शहीद करनैल सिंह की प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।