वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के सामने खिलाड़ियों के लिए बनाये जाने वाले स्पोर्ट्स हॉस्टल के डिजाइन को खेल मंत्री अनिल विज ने अपनी स्वीकृति दे दी है। उन्होंने स्पोर्ट्स होस्टल के लिए चिन्हित की गई भूमि को भी जल्द खाली करवाने के आदेश दिये हैं। वार हीरोज स्टेडियम अंबाला छावनी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जा रहा है। स्टेडियम बनने के बाद यहां खेले जाने वाले राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मैचों में प्रतिभागी खिलाड़ियों के रहने के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी। इसलिए खेल विभाग द्वारा स्टेडियम के सामने स्पोर्ट्स हॉस्टल स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस चार मंजिला हॉस्टल में 150 से 175 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके साथ-साथ 48 कोच अथवा प्रशिक्षकों के रहने के लिए भी आवासीय सुविधा का प्रावधान किया गया है। हॉस्टल में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए रैंप तैयार करने के साथ-साथ खिलाड़ियों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट लगाने का भी प्रावधान है। हॉस्टल परिसर में ही किचन तैयार की जायेगी ताकि खिलाड़ियों को आवासीय स्थल पर ही सुविधाजनक तरीके से भोजन परोसने की व्यवस्था रहे। इस परिसर में कुश्ती, टेबल टेनिस, जिम, फिजियोथैरेपी के साथ-साथ ऑडियो विजुअल की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इस हॉस्टल में एक चिकित्सक कक्ष भी स्थापित किया जायेगा ताकि आवश्यकतानुसार खिलाड़ियों को प्राथमिक चिकित्सा हास्टल में ही दी जा सके। जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी अरुण कांत ने बताया कि खेल मंत्री अनिल विज के साथ इस योजना को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि इसका डिजाइन तैयार हो गया है। हॉस्टल निर्माण के स्थल को खाली करवाने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी और इसके लिए। स्थान खाली करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से अगर बात करने की आवश्यकता होगी तो उसके लिए भी खेल मंत्री का सहयोग लिया जायेगा।