मुलाना। गांव धीन में एक युवती निजी बस से उतरते समय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने उसी बस में ले जाकर उसे मुलाना के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। हादसे को लेकर बस चालक व कंडक्टर पर लापरवाही के आरोप लगे। हादसा 01 मार्च को हुआ था। अब मामले में शिकायत के आधार पर मुलाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में निर्मल सिंह निवासी धीन ने बताया कि बीती 1 मार्च को वह अपने गांव धीन के बस स्टॉप पर जगाधरी जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान छावनी की तरफ से यमुनानगर जाने के लिए एक निजी बस आई। शिकायत के अनुसार अभी सभी सवारियां उतरी भी नहीं थी कि बस कंडक्टर ने सिटी बजा दी और बस चालक ने भी बिना देखे व लापरवाही से बस चला दी। जिसके चलते बस की पिछली खिड़की से नीचे उतर रही धीन गांव की पायल सड़क पर गिरकर घायल हो गई।