कनाडा की नागरिकता दिलाने के नाम पर 15.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने परिवादी के पुत्र व पुत्रवधू को अब नागरिकता दिलवाने से भी साफ इंकार कर दिया। साथ ही पैसे मांगने पर जान से मारने व झूठे आपराधिक केस में फंसाने की भी धमकी दी है। पंजोखरा पुलिस ने अब मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। श्यामडू गांव के मंगल सिंह ने एसपी अभिषेक जोरवाल को शिकायत देकर बताया कि मूलरूप से गुजरात के अहमदाबाद निवासी प्रदूमन, उसके भाई उदय, पत्नी सोनल ने उसे उसके पुत्र व पुत्रवधू को कनाड़ा की नागरिकता दिलवाने का लालच दिया था। आरोपी मंगल ने बताया था कि कनाड़ा में पीआर मिलने के बाद उसके बेटे को 2 से 3 लाख हर महीने की आमदनी होगी। इसी वजह से मंगल भी उसके जाल में फंस गया। आरोपियों ने पहले उसे इस काम के लिए 26 लाख रुपये लगने की बात कही थी। बाद में आधे पैसे पहले व आधे काम होने के बाद देने की बात कही। आरोपियों ने मंगल से पहले उसके बेटे व पुत्रवधू के पासपोर्ट व दूसरे दस्तावेज अपने पास रख लिए। इसके लिए उन्होंने पहले 1,50,000 रुपये की डिमांड की। डेढ़ लाख रुपये नकद लेने के बाद मंगल को छह महीने में काम होने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने उसे अपने खाते मे 1,75,000 लाख रुपये डालने को कहा। यह रकम ट्रांसफर होने के बाद आरोपी ने उससे तीन लाख की डिमांड की। इसके बाद चार लाख खाते में डालने को कहा। फिर तीन लाख नकद लिए। मंगल ने बताया कि वह आरोपियों को कुल 15.25 लाख रुपये दे चुका हूं। मगर अभी तक न तो उसके बेटे व पुत्रवधू को कनाडा की नागरिकता मिली न उनका वीजा लग पाया। परिवादी का आरोप है कि अब आरोपी उसे पैसे वापिस देने की बजाय जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। उसे व बेटे को झूठे केसों में फंसाने की धमकियां भी दी जा रही हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।