विदेश भेजने के नाम पर दो लोगों से लाखों ठगने के मामले में फरार चल रहे गांव बलाना वासी लक्की को मंगलवार गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपी को बुधवार कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड मांगा गया। शुक्रवार तक का रिमांड स्वीकृत हुआ। दोनों केस सदर थाने में दर्ज हैं। पहले मामले में गांव जलबेहड़ा वासी नवदीप सिंह ने 2 अगस्त को दर्ज कराए केस में लक्की व सहयोगी जॉनी पर विदेश भेजने के नाम पर ठगी के आरोप लगाए। दूसरा मामला भी उसी दिन दर्ज हुआ जिसमें आरोपियों ने बलाना वासी सतनाम सिंह को अपना शिकार बनाया। बाहर भेजने के नाम पर दोनों से पैसे लिए गए लेकिन न तो पैसे लौटाए और न विदेश भेजा। पैसे मांगने पर देख लेने की धमकी दी थी। सदर थाना प्रभारी एसआई सुरेश सैनी के अनुसार कबूतरबाजी के आरोप में पकड़े गए लक्की से रिमांड में पूछताछ जारी है। उसके सहयोगी जॉनी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।