अंबाला सिटी। शहर पंचायत भवन में शुक्रवार से दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव की शुरूआत की जाएगी। इसका शुभारंभ सुबह उपायुक्त डॉ. शालीन करेंगे। राजकीय आईटीआई शहर के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि इसमें 15 वर्ष से लेकर के 29 वर्ष की आयु वाले युवा भाग ले सकते हैं। इसके लिए किसी प्रकार की कोई शैक्षणिक योग्यता इत्यादि जरूरी नहीं है।
कार्यक्रम में प्रथम विजेता को 1500 रुपये, द्वितीय को 1100 रुपये व तृतीय विजेता को 750 रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसमें करीब एक लाख 80 हजार रुपये के इनाम वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, एकल डांस, संगीत, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, पोस्टर व भाषण प्रतियोगिता करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि संचालन कमेटी की अध्यक्षता जीएमएन कॉलेज छावनी से प्रोफेसर राजिंद्र अग्रवाल कर रहे हैं।
सांगवान ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम शहर के पंचायत भवन में करवाए जाएंगे। वहीं भाषण, पोस्टर, फोटोग्रॉफी और मोटे अनाज का इस्तेमाल को लेकर गतिविधियां राजकीय आईटीआई शहर के प्रांगण में होंगी। बताया कि आईटीआई में एक सेल्फी प्वाइंट भी तैयार किया गया है। इस प्वाइंट को मोहम्मद रफी, आशु सैनी, मनजीत कौर व अन्य विद्यार्थियों ने तैयार किया है। वहीं, वीरवार को कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शहर पंचायत भवन में प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने समीक्षा की। शहर पंचायत भवन सभागार को भी सजाया गया है।