अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल की तीसरी मंजिल पर बने प्राइवेट कमरे से महिला मरीज की करीब 30 हजार रुपये की नकदी से भरी किट चोरी हो गई। पंजाब निवासी 50 वर्षीय संतोष कूल्हे का ऑपरेशन करवाने के लिए 17 जुलाई को ही अस्पताल में दाखिल हुई थी। 18 जुलाई को ऑपरेशन के कारण उसको तीसरी मंजिल पर बने प्राइवेट कमरों में दाखिल कर लिया था।
सोमवार देर शाम परिवार के सदस्य कमरे के बाहर हॉल में बैठे थे और संतोष बाथरूम गई थी। इतने में एक युवक पर्स के बीच में से 30 हजार रुपये की राशि वाली किट लेकर फरार हो गया। मंगलवार सुबह अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसमें खुलासा हुआ। इस दौरान एक युवक प्राइवेट वार्ड में घूम रहा है। पहले वह सभी कमरों में झांकता है और फिर अचानक कमरे में घुस जाता है। चंद ही मिनटों में कमरे से बाहर आता है तो उसके हाथ में नकदी वाली किट का थैला होता है। बाद में वह अस्पताल से निकल जाता है। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। हालांकि, अभी तक सीसीटीवी में कैद युवक की पहचान नहीं हो पाई है। उधर, कैंट थाना प्रभारी नरेश ने बताया कि उनके पास फिलहाल लिखित में कोई शिकायत नहीं आई है। जैसे ही शिकायत आती है तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आईफोन चोरी की वारदात भी नहीं सुलझी
गत माह ही दो युवकों ने अस्पताल की लिफ्ट के पास से ही नर्सिंग ऑफिसर की जेब से उसका आईफोन निकाल लिया था। दोनों शातिरों ने रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया। पहले दोनों ने पीछा किया और जैसे ही लिफ्ट के पास पहुंची तो एप्रन की जेब में से मोबाइल निकाल लिया। सीसीटीवी में दोनों कैद हो गए थे और रेजिमेंट चौकी में शिकायत भी दे दी थी। इसके बावजूद अभी तक कोई भी आरोपी नहीं पकड़ा गया।