नशा करने से रोकने पर गांव बिहटा की रामदासिया चौपाल में एक युवक ने दोस्त के पेट में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। वह उसे खून से लथपथ हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे गांव बिहटा निवासी गौरव के परिजन उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। साहा पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की शिकायत पर आरोपी गुरमीत के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने 12 घंटे बाद ही शुक्रवार रात के समय केसरी रेलवे स्टेशन से काबू कर लिया।
गांव बिहटा निवासी अंकित ने थाना साहा पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़े भाई गौरव की गुरमीत से अच्छी दोस्ती थी। गुरमीत बुरे लड़कों की संगत में पड़ने के कारण नशा करने का आदी हो गया था। उसका भाई गौरव गुरमीत को नशा करने से रोकता था। इस बात को लेकर उसके भाई और गुरमीत में पहले भी कई बार कहासुनी होती रहती थी। 6 सितंबर 2022 की दोपहर को गांव की रामदासिया चौपाल में गुरमीत किसी बात को लेकर उसके भाई से झगड़ा कर रहा था। झगड़ा बढ़ने पर उसने चाकू निकालकर उसके भाई गौरव के पेट में घोंप दिया और मौके से फरार हो गया। साहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यशदीप ने बताया कि केसरी रेलवे स्टेशन से आरोपी को काबू कर लिया है और शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। हत्या करने के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर चाकू मारने की वारदात भी कबूली थी।
फेसबुक पर लाइव आकर कबूली वारदात
वही हत्यारोपी गुरमीत ने चाकू घोंपने के बाद फेसबुक पर लाइव आकर वारदात को कबूला है। गुरमीत ने कहा कि जोन सा मैंनू बुरा कहेगा, बुरे लेई बुरा मैं और जो गाल देकर बोलेगा उसे पिरो दूंगा, एक को पिरो दिया मैंने। इस वीडियो के फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। वीडियो वायरल होने के बाद इलाका पुलिस हरकत में आई और जगह-जगह छापामारी शुरू कर दी। शनिवार रात के समय पता चला कि हत्यारोपी भागने की फिराक में है और केसरी रेलवे स्टेशन पर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे दबोच लिया।