अंबाला। छावनी के दयाल बाग निवासी एक कारोबारी से 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
साइबर ठगों ने शातिर अंदाज में पहले तो डिस्पोजेबल ग्लास के कारोबारी को फोन करते हुए झांसे में लिया और फिर 30 हजार रुपये का ऑर्डर तैयार कराकर सैन्य क्षेत्र में बुला लिया। जैसे ही कारोबारी माल लेकर देने के लिए पहुंचा तो उसे वहां पर कोई नहीं मिला। इसके बाद आरोपी बोला कि यह माल एक कंपनी में जाना है, जहां से उसे दोगुनी पेमेंट वह कराएगा, लेकिन इससे पहले 30 हजार रुपये उसे आनलाइन ट्रांसफर करना होगा।
ठग के झांसे में आकर कारोबारी ने रुपये ट्रांसफर कर दिया। बाद में न तो पैसे आए और न ही कोई सामान लेने आया। इसके बाद ठग ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इस संबंध में कारोबारी ने महेश नगर थाने में लिखित शिकायत दी है। महेश नगर पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।