अंबाला। गांव नहौनी-गोकुलगढ़ रोड स्थित तीन कनाल जमीन बेचने के नाम पर 16 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने अपने ही गांव के दो व्यक्ति गुरमीत सिंह और कुलविंद्र पर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए है। बताया कि पहले जमीन को छह लाख रुपये में खरीदने की बात हुई थी। बाद में पता चला कि उस जमीन पर पहले ही लोन लिया हुआ है।पुलिस ने दोनों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव नहौनी निवासी रणजीत सिंह ने बताया कि नवंबर 2018 में उसके पास गुरमीत सिंह और कुलविंद्र सिंह आए। उन्होंने कहा था कि उनकी गांव नहौनी में फ्रंट नहौनी-गोकुलगढ़ रोड पर तीन कनाल जमीन है और वे इस तीन कनाल भूमि को बेचना चाहते हैं। आरोपियों ने कहा था कि उसकी जमीन पर कोई लोन नहीं है, लेकिन उसे बाद में पता चला कि जमीन पर 3.60 लाख रुपये का लोन है। उसने आरोपियों की बातों में फंसाकर उक्त तीन कनाल भूमि छह लाख रुपये में खरीदने का मन बनाया था। पहले आरोपियों के साथ 29 नवंबर 2018 को 2.50 लाख रुपए बयाना देते हुए इकरारनामा किया था।
31 मई 2019 को जमीन की रजिस्ट्री कराने की बात कही, लेकिन आरोपी जनवरी में उसके पास आया और डेढ़ लाख रुपये की मांग की। उसने डेढ़ लाख भी दिए, रजिस्ट्री नहीं कराई। आरोपियों ने इतना दबाव बना दिया कि उस जमीन को छह लाख रुपये की बजाए 12 लाख रुपये खरीदने में मजबूर कर दिया। इसके बाद भी आरोपियों ने चार लाख रुपये हड़प लिए। ऐसे करते हुए आरोपियों ने कुल 16 लाख रुपये हड़प लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई। उसे बाद में पता चला कि उक्त जमीन पर लोन है। इसके बाद भी आरोपी ने लोन भरने के लिए 3.60 लाख रुपये लिए, लेकिन रजिस्ट्री नहीं कराई।