हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल ने 1600 नशीले इंजेक्शन की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी विवेक उर्फ विक्की निवासी गुड़ की मंडी थाना आलमगंज जिला पटना बिहार को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय के आदेशानुसार 02 दिन के रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में शामिल 03 आरोपियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के अनुसार 29 जुलाई को हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले कुछ लोग सहारनपुर से नशीले पदार्थ लेकर साहा से होते हुए अंबाला शहर जाएंगे। इस सूचना पर हरियाणा राज्य एंटी नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के पुलिस दल ने कार्रवाई करते हुए थाना साहा क्षेत्र साहा चौक के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान आरोपियों की तलाशी लेने पर उनसे 800 इंजेक्शन बूपरोफाइन व 800 इंजेक्शन फिनरामाइन कुल 1600 इंजेक्शन बरामद हुए। आरोपियों की पहचान आरोपी रिंकू निवासी शांति नगर और अंकित कुमार निवासी पटेल नगर अंबाला शहर के रूप में हुई थी। आरोपियों के खिलाफ थाना साहा में मामला दर्ज किया गया था।
---------------