अंबाला। हरियाणा-पंजाब सीमा के शंभू बॉर्डर पर वीरवार को अचानक किसानों के तंबू में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। किसानों ने खुद ही पानी की बाल्टियों व पाइप के जरिए आग पर काबू पाया। तब तक चार तंबू व एक ट्रैक्टर-ट्राली पूरी तरह से जल गई थी। इस दौरान सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी भी मौके पर पहुंची थी। किसानों के मुताबिक ट्राली होशियारपुर के जत्थे बंदियों की थी। इस हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ। उधर, किसान नेताओं ने एक वीडियो भी वायरल करते हुए शंभू बॉर्डर के हालातों को दिखाया। किसानाें ने कहा कि आग की घटना घटे करीब तीन घंटे हो चुके हैं लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा।