अंबाला। जहरीली शराब पीने से दो कर्मचारियों की मौत मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया। इनकी पहचान सहारनपुर निवासी शेखर, मुजफ्फरनगर निवासी प्रवीण कुमार, धनौरा निवासी उत्तम सिंह और पुनीत के रूप में हुई। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया।
बता दें कि आरोपियों पर मुलाना थाने में धनौरा में पकड़ी शराब की अवैध फैक्ट्री चलाने का मामला दर्ज था। वहीं बराड़ा पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी शिवम उर्फ लोकेश और उसके दोस्त दीपक सिंह की जहरीली शराब पीने से मौत मामले में चारों के खिलाफ भी कार्रवाई की थी।
दोनों की शराब पीने से हुई थी मौत
मृतक धनौरा गांव में चल रही शराब की अवैध फैक्ट्री में ही काम करते थे। शराब का सेवन करने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। उपचार के लिए उन्हें मुलाना अस्पताल में दाखिल कराया। यहां दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतक शिवम के पिता मूलचंद की शिकायत पर पुलिस ने अंकित उर्फ मोगली सहित अन्य पर मामला दर्ज हुआ था। मूलचंद का आरोप था कि शिवम उर्फ लोकेश करीब 15 दिन पहले अपने दोस्त कुरथल गांव निवासी दीपक सिंह के साथ काम की तलाश में अंबाला आया था। शिवम ने बताया कि वह और उसका दोस्त दीपक सिंह शराब का कारोबार करने वाले उगाला गांव निवासी अंकित उर्फ मोगली के पास काम पर लग गए है। अंकित ने उन्हें बराड़ा प्रीत नगर कॉलोनी में रहने के लिए मकान दिया हुआ है। उसकी फैक्ट्री में ही बनी जहरीली शराब पीने से मौत हुई थी।