संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला।सेशन कोर्ट में अपील के लंबित होने के बावजूद आरोपियों ने खेत में दबंगई करते हुए नाजायज कब्जे का प्रयास किया। इसके साथ ही खेत में खड़ी फसल को ट्रैक्टर चलाकर बर्बाद कर दिया। यह मामला गृहमंत्री अनिल विज के पास पहुंचा वहां से एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अब महेश नगर पुलिस ने आरोपी अंकित, विरेंद्र कुलदीप व मोहिंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
छावनी रानी बाग निवासी योगेश खुराना ने बताया कि वह खेती बाड़ी और पौधों को बेचकर गुजरा करता है। 31 जुलाई 2009 को उसने अरविंद कुमार से तीन कनाल 19 मरला जमीन ली थी। इस जमीन का कब्जा उसे अरविंद कुमार ने मौके पर ही दे दिया था और तभी से वह उस जमीन पर काबिज है। इस खेत में खेती के पौधे, सब्जी व अन्य फसल बेचकर अपना गुजरा करता है।
वहीं 31 जुलाई 2009 अरविंद के परिवार वालों ने एक डेक्लरेशन केस सिविल कोर्ट में डाला था। इसके बाद पीड़ित ने सेशन कोर्ट में अपील भी डाली थी। 26 जून की शाम को प्रार्थी के पिता जोगिंद्र खुराना को अभियुक्त अंकित ने मोबाइल पर फोन करके बताया कि अपना कब्जा ले रहे हैं। इसके बाद आरोपियों ने फसल बर्बाद की दी थी। इस मामले की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी। अब मामले में केस दर्ज कर लिया है।