अंबाला सिटी। पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने अंबाला शहर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर भाजपा को समर्थन का ऐलान किया है। उनके ऐलान से हरियाणा की सियासत गरमा गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित हैं। इसलिए उन्होंने फैसला लिया है कि हरियाणा जनचेतना पार्टी प्रदेश की सभी लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करेगी और उनका प्रचार करेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा जनचेतना पार्टी के कार्यकर्ता अंबाला लोकसभा की भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के लिए प्रचार करेंगे। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि इन चुनावों में सबसे बड़ा मुद्दा विकास है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का पीएम पद का उम्मीदवार कौन है, यह न तो हमें पता है और न ही जनता को।