अंबाला सिटी। मुरलीधर डीएवी पब्लिक स्कूल के 1989 से 2002 के बैच के पूर्व विद्यार्थियों की एक अनोखी और भावनात्मक मुलाकात का आयोजन हुआ। इस मुलाकात के आयोजन में 1989 बैच के वत्सल वशिष्ठ, 95 बैच के अमित चौहान और 90 शिल्पा ने देश विदेश में फैले सभी मित्रों को एक ग्रुप में इकट्ठा करने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान सभी विद्यार्थियों में अपने पुराने विद्यालय और दोस्तों से मिलने की खुशी और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला। इस कार्यक्रम में न केवल देशभर से बल्कि विदेशों से भी विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में न केवल मुंबई, बैंगलोर, हैदराबाद व चंडीगढ़ बल्कि संयुक्त राज्य अमेरिका से भी बहुत से पूर्व छात्र पहुंचे। इस भव्य आयोजन में उस समय की प्राचार्य नागरथ, डॉ राधा रमन सूरी, गौरी वंदना, श्यामा शर्मा और कृष्ण लाल भी शामिल हुए। उन्होंने अपने पुराने छात्रों से मिलकर उनके जीवन की सफलताओं पर गर्व महसूस किया। विद्यालय के वर्तमान प्राचार्य डॉ राधा रमन सूरी ने अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए यह कहा कि मुरलीधर डीएवी विद्यालय को अपने सभी विद्यार्थियों पर गर्व है और वे चाहेंगे कि उनके वर्तमान विद्यार्थियों को अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों से मार्गदर्शन मिलता रहे ।