अंबाला। न्याय की उम्मीद में बुधवार को अंबाला में गृहमंत्री आवास पर पहुंचे पश्चिमी अफ्रीकी देश बुर्किना फासो निवासी युवक ने मदद की गुहार लगाई। उसने बरवाला (पंचकूला) की फर्म पर 25 लाख की धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृहमंत्री अनिल विज ने पंचकूला के पुलिस कमिश्नर को जांच के निर्देश दिए हैं। विज बुधवार को अपने आवास पर प्रदेश के कोने-कोने से आए लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। पीड़ित युवक ने बताया कि उसे अपने कारोबार के लिए प्रिंटिंग मशीन की जरूरत थी। इसके लिए उसने बरवाला की फर्म से बातचीत की थी। फर्म ने उसे मशीन दिखाई और इसे एक्सपोर्ट करने का वादा किया था।
अफ्रीका निवासी का आरोप था कि फर्म संचालकों ने उससे अलग-अलग तारीखों में कुल 25 लाख रुपये अग्रिम भुगतान लिया। इसके बाद न तो मशीन एक्सपोर्ट की गई और न ही राशि वापस मिली। इसी तरह रेवाड़ी से आए परिवार ने अपने भाई की हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के आरोप लगाए। उनका आरोप था कि हत्या मामले में केवल एक आरोपी को ही पकड़ा गया है, गृहमंत्री ने रेवाड़ी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए।
एसआईटी करेगी हत्या मामले की जांच
यमुनानगर से आई महिला ने गृह मंत्री को बताया कि उसके बेटे की हत्या की गई है जबकि सड़क हादसा दिखाकर मामले में कार्रवाई नहीं की जा रही है। उसने बताया कि कुछ युवक उसके बेटे को परेशान कर रहे थे और उसे हत्या का अंदेशा है। गृहमंत्री ने यमुनानगर एसपी को एसआईटी गठित कर मामले की जांच के निर्देश दिए।
कनाडा की जगह भेज दिया कंबोडिया
यमुनानगर से आई महिला ने अंबाला के बराड़ा स्थित एक एजेंट पर कबूतरबाजी का आरोप लगाया। उसका आरोप था कि उसके बेटे को कनाडा भेजने के लिए एजेंट ने 25 लाख रुपए मांगे जोकि उन्होंने उसे दिए। इसके बाद उसके बेटे को कनाडा भेजने के बजाय कंबोडिया भेज दिया और कहा कि वहां से उसका बेटा कनाडा जाएगा। इसके लिए एजेंट ने और राशि मांगी जोकि उन्होंने नहीं दी। इसके बाद उसका बेटा वापस आ गया। अब एजेंट बराड़ा में अपना कार्यालय व मोबाइल बंद करके फरार है। गृह मंत्री ने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को मामले में जांच के निर्देश दिए।
इन मामलों में कार्रवाई के निर्देश
गृहमंत्री के समक्ष अंबाला के बाड़ा गांव के पूर्व सरपंच में मीटर रीडिंग में गड़बड़ी होने, अंबाला निवासी व्यक्ति ने रिश्तेदारों से जमीन विवाद के चलते राजस्व रिकार्ड को ठीक कराने, कुरुक्षेत्र निवासी व्यक्ति ने मारपीट मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी करने, कैथल निवासी युवक ने जमीन कब्जा छुड़वाने बारे एवं अन्य शिकायतें आई, जिसपर गृह मंत्री ने कार्रवाई के निर्देश दिए।