अंबाला सिटी। शहर के मनमोहन और बलदेव नगर क्षेत्र के बाढ़ पीड़ित नगर निगम डिप्टी मेयर राजेश मेहता के नेतृत्व में अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय में पहुंचे। डिप्टी मेयर ने लोगों की तरफ से अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. विवेक भारती को ज्ञापन सौंपा और जल्द मुआवजा दिलाने की मांग की।
लोग अपने साथ लिखकर आवेदन लाए और उसके ऊपर उनका क्या सामान खराब हुआ, उसके बारे में भी जानकारी दी गई। मेहता ने बताया कि पिछले दिनों अंबाला में आई बाढ़ से शहर के अलग-अलग इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों, व्यापारियों समेत हर वर्ग का बडा आर्थिक नुकसान हुआ है। इसलिए प्रशासन जल्द नुकसान का आकलन कर मुआवजा दे। मेहता के साथ निगम पार्षद जसबीर सिंह भी एडीसी कार्यालय पहुंचे।
मेहता ने कहा कि बाढ में लोगों के घरों के टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीनों, कपड़े समेत अधिकांश इलेक्ट्रिक उपकरण और बेड, सोफे सहित अधिकांश फर्नीचर खराब हो गया है। वहीं एडीसी डॉ. विवेक भारती ने लोगों को कहा कि वह अपना आवेदन शहर में पार्षद और ग्रामीण क्षेत्र में सचिव के माध्यम से बीडीपीओ के पास दें। जल्द ही सर्वे करवाया जाएगा।
बेटी की शादी के लिए जोड़ा था सामन हुआ खराब
मनमोहन नगर की नीलम कुमारी ने बताया कि उसकी बेटी की शादी अक्टूबर में होनी है। उसने अपनी बेटी की शादी के लिए पेटी का सामान जोड़कर रखा था। जिसमें कपड़े, सूट, बिस्तरे व अन्य सामान था। जलभराव से उसका सारा सामान खराब हो गया। साथ ही उसने बेड, बिस्तरें, इन्वर्टर, फ्रिज, पानी की मोटर, अलमारी के खराब होने का भी मुआवजा देने की मांग की।