अंबाला। गांव तेपला में समलेहड़ी निवासी 25 वर्षीय गुरमीत की हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीसरे दिन पांच आरोपियों को काबू कर लिया।
आरोपियों की पहचान गांव तेपला निवासी नरेश कुमार, गुरमेल, राहुल, अमन उर्फ सन्टी, रामकुमार के रूप में हुई है। साहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि गुरमीत के बार-बार गली में चक्कर काटने को लेकर युवक रंजिश रखे थे। पहले भी उनके बीच झगड़ा हुआ था और उस समय मामला शांत हो गया था। इसी रंजिश के चलते एक सितंबर को देरशाम के समय गांव तेपला के बाद दोबारा झगड़ा हो गया था और चोटें मारी। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर गुरमेल सिंह को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया और अन्य 4 आरोपियों को जेल भेज दिया।
यह है पूरा मामला
बता दें कि पुलिस को दी शिकायत में गांव समलेहड़ी निवासी राज कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार रात 8 बजे अपने निजी काम से साहा बाजार गया था। यहां से वापस घर जाते वक्त देखा कि तेपला बस स्टैंड पर फोटोग्राफर की दुकान के सामने जीटी रोड पर काफी लोग खड़े थे। जब उसने पास जाकर देखा तो उसका छोटा भाई गुरमीत उर्फ काका खून से लथपथ हालत में मिला। उसके भाई के सिर, मुंह और छाती से खून बह रहा था। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, जिनकी मदद से वह उसके भाई को नागरिक अस्पताल छावनी में लाया गया था और डॉक्टरों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया।
आरोप लगाए थे कि जीटी रोड पर भाई के आसपास काफी ईंट और रोड़े थे। आसपास पूछने पर पता चला कि उसके भाई गुरमीत उर्फ काका अपने दोस्त की बाइक पर साहा से गांव समलेहड़ी की तरफ जा रहा था। इसी बीच गांव तेपला निवासी गुरमेल सिंह ने अपने साथी नरेश कुमार, राहुल, सत्ता, प्रकाश और शंटी समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके भाई पर हमला कर दिया था।