बराड़ा के अधोया मुसलमान गांव में लगी आग पर काबू पाते फायर कर्मचारी। संवाद
बराड़ा। अधोया मुसलमान गांव स्थित गोचरान भूमि में शनिवार दोपहर दो बजे के करीब आग लग गई। आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। गांव के चौकीदार राजेंद्र पाल ने तुरंत सरपंच को फोन कर स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सरपंच ने बिना देर किए अंबाला छावनी से फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से बड़े नुकसान और संभावित हादसे को टाल दिया गया। घटना के समय मौके पर पंचायत सदस्य घनश्याम शर्मा, टीटू शर्मा, चौकीदार राजेंद्र पाल, सफाई कर्मचारी जयपाल, सरपंच पुत्र आशीष अहलावदी और सरपंच प्रतिनिधि कैलाश कुमार नंबरदार मौजूद रहे। सभी ग्रामीणों ने 112 आपातकालीन सेवा और फायर ब्रिगेड कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर मिली सूचना और प्रशासन की तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।