अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर गौरी शंकर के साथ दिसंबर 2022 में हुई 99 हजार की ठगी के मामले में एक साल बाद केस दर्ज किया गया है। इसकी एफआईआर 26 दिसंबर 2023 को जीआरपी थाने में दर्ज की गई।
स्टेशन मास्टर गौरी शंकर ने बताया कि मामला दर्ज करवाने के लिए कभी स्टेट बैंक के चक्कर लगाए तो कभी जीआरपी के। उसने बताया कि 15 दिसंबर 2022 को वह सुबह छह बजे से दोपहर 12 बजे तक पावर केबिन पर कार्यरत था। इस दौरान लगभग सुबह 11.40 से 11.47 बजे तक उसके खाते से चार बार 50 हजार, 40 हजार, आठ हजार और एक हजार रुपये निकल गए। वो दोपहर लगभग एक बजे घर पहुंचा तो एक नंबर से फोन आया।
वह तुरंत मॉल रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया पहुंचा और यहां संपर्क करके उसने शिकायत दर्ज करवाई। उसी दिन उसने ऑनलाइन साइबर क्राइम 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। उसने बताया कि न तो उसके पास कोई लिंक आया और न ही कोई ओटीपी। वहीं जो फोन आया था, उसने बताया था कि वो एसबीआई साइबर सेल जयपुर से बोल रहा है। उसने पूछा था कि क्या आपके खाते में 50 हजार रुपये का भुगतान हुआ है तो उसने मना कर दिया था।
गुवाहाटी के खाते में गए पैसे
जिस दिन ठगी हुई, उसके बाद वो लगातार बैंक अधिकारियों व साइबर सेल के संपर्क में रहा। जांच-पड़ताल के बाद उसे जानकारी मिली कि उसके खाते से निकाले गए 99 हजार रुपये गुवाहाटी के एक प्राइवेट बैंक के खाते में गए हैं। हालांकि संबंधित बैंक में संपर्क करने से पहले ही खाताधारक ने सारी रकम निकलवा ली थी।