अंबाला सिटी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. गौरव शर्मा ने जिले में कई जगहों पर औचक निरीक्षण किया। उन्होंने होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई की दुकानों, दूध की डेयरियों, फलों, सब्जियों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान किसान डेयरी रामपुर मोड़ अंबाला छावनी से गाय के दूध, रमन फूड हट महेशनगर अंबाला छावनी से पकी दाल और राजमा, जायका मुरादाबादी चिकन बिरयानी राय मार्केट छावनी से चिकन कोरमा के सैंपल लिए। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर खाद्य प्रयोगशाला करनाल में जांच के लिए भेजे। निरीक्षण के दौरान जो खाद्य पदार्थ खाने योग्य नहीं थे, उनको नष्ट कराया गया।
उन्होंने दुकानदारों को निर्देश देते हुए ताजा और शुद्ध खाद्य पदार्थ, मिठाई बेचने की सलाह दी। सभी खाद्य पदार्थ ढककर रखें और कटे हुए फल न बेचें, मिठाई को ढक कर रखें। फलों और सब्जियों एवं जूस की रेहड़ियों को मिट्टी, धूल और मक्खियों से बचाकर रखें। अगर कोई भी दुकानदार खुले में रखे खाद्य पदार्थ, कटे फल, दूषित खाद्य पदार्थ बेचता मिला तो उन सभी खाद्य पदार्थों को नष्ट करा दिया जाएगा।