अंबाला। सरकारी अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट पर महिला रेडियोग्राफर ने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीड़िता ने स्वास्थ्य मंत्री, डीजी स्वास्थ्य, सिविल सर्जन सहित प्रधान चिकित्सा अधिकारी को शिकायत पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई है।
सिटी नागरिक अस्पताल में कार्यरत महिला रेडियोग्राफर ने आरोप लगाया है कि जब से उसने सिटी अस्पताल में ड्यूटी शुरू की है तभी से रेडियोलॉजिस्ट की उस पर गलत नजर है। पहले तो वह नजरअंदाज करती रही, लेकिन तंग आकर उसे शिकायत के लिए मजबूर होना पड़ा। शिकायत में महिला कर्मचारी ने बताया कि उसके पति काम से बाहर रहते हैं और वह अपने बेटे के साथ रहती है। इसका पता होने के बावजूद भी उसे परेशान करने के लिए रात के समय ड्यूटी लगाई जाती है, जबकि अस्पताल में वैकल्पिक रूप से पुरुष स्टाफ भी मौजूद हैं। महिला का आरोप है कि डॉक्टर की पहले ही उस पर नजर है और वह जानबूझ कर उसे परेशान कर रहे हैं। जब उसने इस संबंध में शिकायत करने की बात कही तो उन्होंने उल्टा उसकी ही झूठी शिकायत कर दी। आरोप है कि तरह-तरह से परेशान कर उसकी मानसिक स्थिति को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। यही कारण है कि परेशान होकर उसने पहले भी स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर अन्यत्र तैनाती की मांग उठाई है।
इस संबंध में शिकायत मिली है। मामले की जांच का जिम्मा दो सीनियर एसएमओ को सौंपा गया है। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा कि शिकायती पत्र में लगाए गए आरोप सही हैं या झूठे। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. संगीता गोयल, पीएमओ, नागरिक अस्पताल अंबाला सिटी