अंबाला सिटी। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड ने किसानों के लिए वालंटरी डिस्क्लोजर योजना (वीडीएस) की घोषणा की है। इसमें कृषि उपभोक्ता के कृषि पंपिंग आपूर्ति के अनााधिक्रत भार की घोषणा करने के लिए बहुत ही सरल प्रकिया रखी गई है। उपभोक्ताओं को वीडीएस योजना 2024 के तहत आवेदन करने से पहले अपनी सभी बकाया बिल राशि का भुगतान करना होगा। अतिरिक्त कनेक्टेड लोड के लिए 100 रुपये प्रति किलोवाट की दर से अतिरिक्त एसीडी जमा कराई जाएगी। यह योजना एक से 15 जुलाई तक वैध रहेगी।
बिजली बिल क्लीयर होने पर ही मिलेगा योजना का लाभ
अंबाला सर्कल बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता वीके गोयल ने बताया कि किसान ट्यूबवेल कनेक्शन का लोड 100 रुपये प्रति किलोवाट सिक्योरिटी राशि जमा करवाकर बढ़वा सकते हैं। सरकार की ओर से किसानों के लिए योजना की घोषणा की गई है। किसान को लोड बढ़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना है और 100 रुपये प्रति किलोवाट के हिसाब से राशि जमा करवानी हैं। इसके बाद बिजली निगम खुद ही लोड बढ़ाने की कार्यवाही करेगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का बिजली बिल भी क्लीयर होना जरूरी है।
वहीं, पिछले वर्ष भी बिजली निगम ने यह स्कीम जारी की थी। इसके तहत करीब 2400 ट्यूबवेल कनेक्शन धारकों ने आवेदन किया था। इन कनेक्शन को लेकर निगम कार्य कर रहा है। अब दोबारा लोड बढ़वाने के लिए निगम ने स्कीम जारी की है।
लोड ज्यादा होने से बिजली सप्लाई में होती है दिक्कत
दरअसल, लोगों के बिजली मीटर पर लोड कागजों में कम होता है और वह बिजली खपत लोड से ज्यादा कर रहे होते हैं। इससे निगम को बिजली सप्लाई करने में दिक्कत आती है। ऐसे में ट्रांसफार्मर भी हांफने लगते हैं। लोगों को लोड बढ़वाने का यह भी फायदा है कि उनको बिजली निगम उस लोड के हिसाब से ही बिजली देगा जिससे उनको पूरी बिजली भी मिलेगी।