अंबाला सिटी। बाढ़ ग्रस्त इलाके में प्रशासन सहयोग कर रहा है। साथ ही दूर-दराज से विभिन्न गांवों के ग्रामीण अपने स्तर पर सेवा कर रहे हैं। अलग-अलग जगहों से गुरुद्वारा साहिब से लंगर तैयार कर सेवादार गांव खैरा, बम्बे, मियां माजरा, नग्गल, नडियाली में घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।
गांव खैरा और नग्गल में अभी भी तीन से चार फुट तक पानी जमा है। बाढ़ ग्रस्त इन एरिया में सेवा करने के लिए किसानों और ग्रामीणों का जज्बा देखने लायक है। यहां एक गांव में पांच-पांच ट्रालियों में सेवादार सेवा में जुटे हैं। कई ट्रॉलियां तो नडियाली मोड़ पर सेवा के लिए तैयार खड़ी हैं।
ग्रामीणों को खाना, पानी, दूध, जरूरत का सामान, दवा, पशुओं के लिए पीने का पानी, चारा उपलब्ध करवाया जा रहा है। कई घर तो अभी भी चार फुट तक पानी में डूबे हैं। त्रासदी के निशान घरों और दीवारों पर देखे जा सकते हैं। हेलीकॉप्टर के जरिये भी ग्रामीणों तक खाद्य सामग्री पहुंचाई जा रही है। वहीं, नडियाली मोड पर भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के सदस्य भी सेवा कर रहे हैं। यहां एसडीएम शहर दर्शन कुमार भी पहुंचे और लोगों से बातचीत की।
स्कूल में अभी भी चार फुट पानी
नडियाली गांव में अभी जलभराव कम हो चुका है, मगर जैसे ही गांव खैरा में जाते हैं तो गांव के बाहर से ही पानी का जलभराव दिखता है। खेतों की तरफ देखें तो हर तरफ पानी-पानी नजर आता है। इसके बाद गांव में आगे बढ़ते हैं तो गांव का राजकीय उच्च विद्यालय, प्राइमरी विद्यालय और आइडियल पब्लिक स्कूल चार फुट तक डूबा हुआ है। गांव खैरा की गलियों में घुटने तक पानी जमा है और गांव के बाहरी इलाकों में पानी का बहाव ज्यादा तेज है। गांव की सड़क साइड से टूट चुकी है।
तेज बहाव से पानी में डूब गई कार
खैरा गांव के बाहर सड़क पर पानी का बहाव तेज है। दो दिन पहले सड़क से गुजर रही एक कार पानी के तेज बहाव से साइड में पानी में गिर गई। इसमें सवार तीन युवक बामुश्किल बाहर निकले। यह कार दो दिन से पानी में खड़ी थी। वीरवार को पानी कम होने के बाद कार को बाहर निकाला गया।
घरों की दीवारें हो गई खराब
खैरा गांव की सरपंच परमजीत कौर भी ग्रामीणों तक सहायता पहुंचा रही हैं। सरपंच ने बताया कि जलभराव के कारण कई मकान की दीवारें खराब हो गई हैं और वह गिरने की कगार पर हैं। ग्रामीणों का सामान भी खराब हो गया है। पानी उतरने पर गांव में दौरा कर चेक करवाया जाएगा। सरपंच परमजीत कौर ने बताया कि गांव में दूध व चारा की समस्या आ रही है। सेवादारों से अपील की गई है।
चारा और पीने का पानी पहुंच रहा
वीरवार को गांव नडियाली, नग्गल और खैरा में पशुओं के लिए चारा व पीने का पानी उपलब्ध करवाया गया। ग्रामीणों को उनके पशुओं के हिसाब से चारा उपलब्ध करवाया गया।
सैफ इंटरनेशनल संस्था ग्रामीणों को उपलब्ध करवा रही दवा
सैफ इंटरनेशनल संस्था ने नडियाली मोड पर टेंट लगाकर ग्रामीणों को दवा उपलब्ध करवाई। संस्था में लुधियाना से पहुंचे सेवादार दया सिंह और अमर सिंह ने बताया कि संस्था आठ से ज्यादा राज्यों में सेवा कर रही है। उन्होंने लंगर की सेवा भी बुधवार को की थी। पानी उतरने के बाद ग्रामीणों को खारिश की दिक्कत आ रही है।
नग्गल में व्यक्ति की मौत, संस्कार करने के लिए भी जगह नहीं
नग्गल गांव में वीरवार को गांव में एक व्यक्ति की मौत हो गई। सरपंच गांव की मंजूबाला के पति विरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में अभी भी जलभराव ज्यादा है। जिससे संस्कार करने की जगह भी नहीं है। व्यक्ति का संस्कार शहर में किया जाएगा। वहीं ग्रामीणों ने पशुओं को हाइवे के पुल के नीचे बांधा हुआ है। वीरवार को पशुओं के लिए चारा पहुंचाया गया। गांव का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल व राजकीय प्राथमिक स्कूल 3 से 4 फुट तक डूबे हुए हैं। गांव पीएचसी में भी जलभराव है।
बाईपास हाईवे बंद होने से ट्रकों की लगी लाइन
कैथल से अंबाला होते हुए चंडीगढ़ बाईपास हाईवे भी वीरवार को बंद रहा। हाईवे बंद होने से बलाना के पास बाईपास से ही पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। वाहनों को शहर के बीच में से निकाला जा रहा था। हाईवे पर ट्रकों की लंबी लाइन लग गई।