काफी समय से गन्ने की बकाया पेमेंट हासिल करने के लिए धरने पर बैठे किसानों का सब्र जवाब दे रहा है। वीरवार देर रात धरनास्थल पर बैठे किसानों के साथ हुए दुर्व्यवहार के बाद किसानों ने शुक्रवार को किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि 15 सितंबर तक गन्ना किसानों को उनकी पेमेंट नहीं मिली तो 16 सितंबर को हलका में सरकार के खिलाफ मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी। इस दौरान प्रदर्शन का नेतृत्व भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूूंनी ने किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया। उल्लेखनीय है कि वीरवार की रात कुछ लोगों ने मिर्जापुर गांव में जारी किसानों के धरने पर बैठे किसानों के साथ दुर्व्यवहार किया था। शरारती तत्वों द्वारा की गई इस कार्रवाई पर वीरवार की रात को भड़के किसानों को पुलिस ने जैसे-तैसे शांत तो कर दिया था, लेकिन किसानों द्वारा शुक्रवार को इस मामले में बड़ी कार्रवाई करने का अल्टीमेटम देने पर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी व क्षेत्र के किसानों ने मिर्जापुर के धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि अपने हक मांग रहे किसानों का दुख दर्द बांटने की बजाय अलोकतांत्रिक तरीके अपनाए जा रहे हैं। धरनास्थल पर जुटे प्रदर्शनकारियों की खबर लगते ही मौके पर पहुंचे एसीपी रमेश कुमार व तहसीलदार जोगेंद्र शर्मा ने किसानों को समझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन किसान घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर खनन राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। लगभग दो घंटे चले इस प्रदर्शन को आखिरकार किसानों ने इस आश्वासन के साथ समाप्त किया कि प्रशासन घटना के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाएगा।