अंबाला। छठ पर्व मनाने दिल्ली गए व्यक्ति के घर से 50 हजार रुपये की नकदी और गुल्लक चोरी हो गया। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना महेश नगर पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि वह पटेल नगर बीडी फलोर मिल कैंट का निवासी है और अकाउंट का काम करता है। 29 अक्तूबर को वह घर पर ताला लगाकर पत्नी व दोनों बच्चों के साथ छठ पर्व मनाने अपनी ससुराल दिल्ली गया था। दो दिन बाद वह वापस आए तो घर के मेन गेट का ताला खोलकर अंदर गए तो देखा कि सीढ़ियों व बेडरूम का दरवाजा खुला पड़ा था। वहीं घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर खुले पडे़ थे। जब उसने लॉकर को चेक किया तो देखा कि उसमें रखी 50 हजार रुपये की नकदी और बच्चों का गुल्लक गायब था। चोर छत के रास्ते घर में घुसे थे।