अंबाला। सोने के रेट डेढ़ लाख की बजाय अब 1.15 लाख तक पहुंच चुके हैं और शादी-ब्याह का सीजन भी शुरू हो चुका है। ऐसे में दुकानदारों को कारोबार बढ़ने की उम्मीद बंधी है, हालांकि कुछ लोगों ने आगामी समारोह के लिए सोने की खरीदारी भी शुरू की है और इसमें अभी कंगन, चेन, अंगूठी और सोने के टॉप्स आदि खरीदे जा रहे हैं, वहीं हीरे जड़ित गहनों की मांग भी अब बढ़ने लगी है। दीपावली पर नहीं हो पाया कारोबार : लगातार बढ़ रहे सोने के रेट के कारण इस बार दीपावली में भी कारोबार नहीं हो पाया। अधिकांश लोगों ने धनतेरस के मौके पर बर्तन सहित अन्य सामान खरीदकर मां लक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त किया, लेकिन अब रेट लगातार कम होने से सराफा कारोबारियों को उम्मीद है कि सोने के रेट पुन: उसी स्थिति में पहुंच जाएंगे, जहां से इसमें वृद्धि हुई थी और इससे कारोबार एक बार फिर ऊंचाइयां छुएगा।