संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बब्याल स्थित गोगा माड़ी पर दो सप्ताह पहले युवती से छेड़छाड़ के बाद हुए खूनी संघर्ष मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर रविवार को महाराणा प्रताप भवन में महापंचायत बुलाई गई है। इसमें पारस नगर, मुनहेड़ी, श्याम नगर, दलीपगढ़ और बोह के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया। महापंचायत में फैसला लिया गया कि ग्रामीण इस सप्ताह गृहमंत्री अनिल विज को अपने गांव में बुलाएंगे और अपनी मांग उनके समक्ष रखेंगे। पुलिस ने अभी तक 5 लोगों को ही गिरफ्तार किया है।
गोगा माड़ी कमेटी के प्रधान अनिल राणा ने कहा कि वे पहले गृह मंत्री अनिल विज से समय लेंगे। एक सप्ताह में उनकी मंत्री से मुलाकात नहीं होती तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि 22 आरोपी नामजद हैं, जबकि 150 से 200 लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस ने अभी तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
उन्होंने नामजद 22 आरोपियों पर तुरंत कार्रवाई के साथ आरोपियों की जल्द पहचान करके गिरफ्तार करने की मांग उठाई है। उल्लेखनीय है कि 13 अगस्त की रात को गोगा माड़ी बब्याल में लगे मेले में युवती से छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ था। आरोप था कि आरोपी डेहा कॉलोनी का युवक था। युवक को मौके पर पकड़ने पर डेहा कॉलोनी के 150 से 200 लोगों ने गोगा माड़ी कमेटी के सदस्यों और पुलिस पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें पुलिस कर्मचारी समेत 20 से अधिक लोग जख्मी हुए थे।
दो सब इंस्पेक्टर सहित 20 लोग हुए थे जख्मी
गोगा माड़ी के बाहर भरे मेले के दौरान हुए संघर्ष में आरोपी पक्ष ने जमकर पथराव किया था। घटना में महेश नगर थाना के दो सब इंस्पेक्टर सहित 20 लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस ने कमेटी के प्रधान अनिल राणा की शिकायत पर आरोपी मान सिंह, हरनेक सिंह, सुखदेव सिंह, नेक सिंह, जसवंत सिंह, सुखदेव सिंह, क्रांति, पादरी, रामबीर, जुगनु, वरिंदी समेत 150 से 200 लोगों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।