अंबाला। योग शिक्षक मनोराम की हत्या मामले में लापरवाही बरतने वाले पीसीआर नंबर 18 पर तैनात ईएसआई मांगेराम व थाने के मुंशी राम मेहर को सस्पेंड कर दिया गया। एसपी अंबाला की तरफ से यह आर्डर जारी हुए हैं। हत्याकांड के समय इन दोनों की ड्यूटी थी और वह सूचना मिलने के बाद भी समय पर नहीं पहुंचे थे। उधर, 9वें दिन भी पांचवां आरोपी नकुल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। पड़ाव थाना प्रभारी जीत ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए उनकी छापामारी जारी है। रूड़की में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। पांच मार्च की रात को पड़ाव थाना क्षेत्र के सुंदर नगर में आपसी कहासुनी को लेकर आरोपियों ने योग शिक्षक पर हमला कर दिया था। इस बीच योग शिक्षक के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। पुलिस ने चार आरोपी को पहले ही काबू कर लिया था लेकिन पांचवां आरोपी रेलवे कर्मी नकुल अभी गिरफ्त से बाहर है। बता दें कि नकुल हत्याकांड व मारपीट दो मामलों में संलिप्त है।