अंबाला। ट्रेन से गिरकर डीएफसीसीआईएल कॉरिडोर परियोजना से जुड़े टाटा कंपनी के इंजीनियर की मौत हो गई। हादसा दिल्ली-अंबाला अप लाइन पर गांव मोहड़ी के पास सोमवार सुबह हुआ। सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी धर्मवीर सिंह मौके पर पहुंचे और शव कब्जे में लिया। मृतक के पास मिले पहचान पत्र से उसकी शिनाख्त सोनीपत निवासी 28 वर्षीय सुमित शर्मा के तौर पर हुई । वह अंबाला में तैयार हो रहे डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर में जूनियर इंजीनियर के तौर पर तैनात था। प्रभारी ने बताया कि इंजीनियर नौ सितंबर को ट्रेन से सोनीपत गया था और 11 को वह ड्यूटी पर वापस आ रहा था, लेकिन मोहड़ी के पास वो चलती ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अंबाला पहुंच गए थे। कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम करवाकर शव उनके परिजनाें के सुपुर्द कर दिया गया।