अंबाला। श्री रामलीला कमेटी बजाजा बाजार की ओर से खुखरैन भवन में आयोजित श्री रामलीला दशहरा महोत्सव के मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान श्रीराम वनवास, निषादराज से भेंट और मार्मिक केवट लीला का अत्यंत भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। भगवान श्रीराम के त्याग, मर्यादा और केवट के अनन्य प्रेम के प्रसंगों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की गहरी प्रेरणा दी। कमेटी के प्रधान संजीव जिंदल ने शहरवासियों से अपील की कि वह सपरिवार रामलीला में पहुंचकर प्रभु श्रीराम की पावन लीलाओं का आनंद लें। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन धार्मिक आस्था, समृद्ध भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को युवा पीढ़ी तक संचित करने का एक सशक्त माध्यम है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अनिल जैन ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। संवाद