अंबाला। अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित दुखेड़ी मोड़ पर अन्नपूर्णा ढाबे के पास हाईटेंशन तारों की चपेट में आकर कैंटर चालक सोनू की मौत हो गई। चालक जैसे ही खाना खाने के लिए कैंटर से नीचे उतरकर दरवाजा बंद करने लगा तो पूरे कैंटर में करंट आ गया। झटका लगते ही चालक दूर जाकर गिरा और कैंटर के सभी पहिए भी जल गए। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए छावनी के नागरिक अस्पताल में रखवाया दिया था। जहां शनिवार को परिजनों के आने के बाद शव सौंप दिया। हेडकांस्टेबल प्रदीप कुमार ने बताया कि चालक सोनू गांव असदूलापुर मिल्क जिला उत्तरप्रदेश का रहने वाला था। दिल्ली से कैंटर में मैगी व मास्क लेकर छावनी के रेलवे स्टेशन पहुंचा था। यहां माल उतारने के बाद वह वापस दिल्ली जा रहा था तो मोहड़ा के पास खाना खाने के लिए रुका था। इस बीच उसने कैंटर हाईटेंशन तारों के नीचे लगा दिया था जिस कारण हादसा हो गया।