अंबाला सिटी बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए रोडवेज विभाग द्वारा स्थापित किया ट्रांसफार्मर,
अंबाला। सिटी में इलेक्ट्रिक बसों के आगमन से पहले रोडवेज विभाग ने अंबाला सिटी बस स्टैंड पर इलेक्ट्रिक और सिविल वर्क का काम पूरा कर लिया है। इसके लिए अंबाला सिटी बस स्टैंड परिसर में विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर, मीटर बॉक्स और पैनल स्थापित कर दिए। जल्द ही जेवीएम कंपनी के अधिकारी इसके पास में ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करेंगे। इससे अंबाला की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
इलेक्ट्रिक बसों के लिए रोडवेज विभाग ने इलेक्ट्रिक और सिविल वर्क का काम पूरा कर लिया है। इस काम के लिए मुख्यालय से 18 लाख 61 हजार रुपये का बजट जारी किया गया था। ट्रांसफार्मर रखने के लिए थड़ा बनाया गया, इसके बाद उस थड़े पर ट्रांसफार्मर भी रख दिया है ट्रांसफार्मर की सुरक्षा के लिए थड़े के चाराें ओर फेंसिंग भी कर दी गई है। इसी तरह से एक ओर छोटा थड़ा बनाकर उस पर लोहे का मीटर बॉक्स स्थापित कर दिया गया। इस बॉक्स में बिजली निगम की ओर से 320 केवीए का कनेक्शन भी लगा दिया। इसके अलावा एक बेस ओर बनाया गया है। इस बेस पर पैनल लगाया गया है।
पहले चरण में आएंगी पांच इलेक्ट्रिक बसें
अंबाला में 50 इलेक्ट्रिक वातानुकूलित एसी बसें आनी हैं, लेकिन सबसे पहले ट्रायल के तौर पर पांच इलेक्ट्रिक एसी बसें आएंगी। इन बसों के संचालन के बाद बाकी की बसें भी आ जाएंगी। पहले चरण में अंबाला सिटी से अंबाला कैंट वाया मॉडल टाउन, सिटी से कैंट वाया बलदेव नगर, सिटी बस स्टैंड से जीरकपुर और अंबाला छावनी बस अड्डा से साहा के रूट पर इन बसों का संचालन होगा।
वर्जन
सिटी बस स्टैंड परिसर में विभाग की ओर से इलेक्ट्रिक और सिविल वर्क काम शुरू हो चुका है। जिसमें विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर, मीटर बॉक्स और पैनल स्थापित कर दिए गए है। अब जेवीएम कंपनी की ओर से चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रकिया शुरू करनी है।
संदीप आहुजा, भवन लिपिक, अंबाला डिपो।