अंबाला। हरियाणा में पहली बार हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (एचएसजीपीसी) के चुनाव होने जा रहे हैं। इसकी घोषणा बुधवार को हो गई है। यह घोषणा आयुक्त गुरुद्वारा चुनाव हरियाणा की ओर से की गई।
इसके तहत 6 मार्च को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के चुनाव होंगे। चुनाव की प्रक्रिया 9 फरवरी से आरंभ हो जाएगी। 10 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरु होगी। 16 फरवरी तक नामांकन दाखिल हो सकेंगे। 17 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 21 फरवरी को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। छह मार्च को चुनाव और नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। सुबह आठ बजे से शाम को पांच बजे तक मतदान होगा।
एचएसजीपीसी के चुनावों के लिए सभी तैयार हैं। यह एक अच्छा फैसला है, इसका पिछले काफी समय से इंतजार हो रहा था। निष्पक्ष चुनाव होने से एचएसजीपीसी का स्वरुप बदल जाएगा। लेकिन अभी वोटों की संख्या संगत के हिसाब से काफी कम है।
सुदर्शन सिंह सहगल, सदस्य, एचएसजीपीसी।
वर्जन
चुनावों की घोषणा जल्दी हो गई है जबकि वोटें काफी कम बने हैं। चुनाव आयुक्त को अभी कुछ और समय देना चाहिए था ताकि संगत अपनी वोटें बनवा सकती। अब जो घोषणा हो गई है, उसका स्वागत है।
बीएस बिंद्रा, सदस्य, एचएसजीपीसी।
वर्जन
इस फैसले का हम स्वागत करते हैं। संगत जिसको चुनकर भेजेगी वह गुरुघरों की सेवा करेंगे । सही समय पर सरकार ने यह फैसला लिया है।
-हरपाल सिंह, सदस्य, एसजीपीसी