अंबाला। भोले-भाले प्रवासी श्रमिकों को ट्रेन में सीट मिलने का झूठा आश्वासन देकर टिकट बनाई जा रही है। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला वीरवार दोपहर को उस समय सामने आया जब अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के यूटीएस काउंटर पर जनरल टिकट लेने के लिए खड़े प्रवासी श्रमिक श्रवण को लाइन से निकालकर अतिरिक्त किराया टिकट (ईएफटी) की पर्ची पकड़ाकर उससे 850 रुपये वसूल लिए।
जो टिकट श्रवण को दी गई वो अमृतसर से मुजफ्फरपुर तक बनाई गई थी जबकि श्रवण अंबाला कैंट स्टेशन पर खड़ा था। श्रवण ने जब महिला टीटीई द्वारा काटी गई टिकट पर शोर मचाया तो महिला टीटीई मौके से खिसक गई। मामले की शिकायत अब अंबाला मंंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक तक भी पहुंच गई है। उन्होंने तुरंत प्रभाव से इस मामले की जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
रेलवे परिसर में किसी भी टीटीई को टिकट बनाने की इजाजत नहीं है, विशेषकर यूटीएस काउंटर के पास,जहां रेलवे द्वारा यात्रियों को जनरल टिकट की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। प्लेटफार्म या फिर ट्रेन में जांच के दौरान ही ईएफटी की पर्ची काटी जा सकती है और वो भी उस स्टेशन से जहां से यात्री ट्रेन में सवार हो रहा है। लेकिन अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर मनमर्जी का खेल चल रहा है और यात्रियों को गलत गंतव्य स्टेशन पर दिखाकर ईएफटी काटी जा रही है जोकि अनपढ़ प्रवासी श्रमिकों के लिए भी एक पहेली बन चुका है।
-
मामला संज्ञान में आया है। कोई भी टीटीई रेलवे परिसर विशेषकर यूटीएस काउंटर के पास खड़ा होकर यात्री की ईएफटी नहीं काट सकता। इस मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।