अंबाला। एक तरफ भीषण और उमस भरी गर्मी का कहर और दूसरी तरफ बिन पानी के सूख रहे कंठ। ऐसी ही एक परेशानी कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला (सीबीए) क्षेत्र में रहने वाले आरए परेड के निवासियों को झेलनी पड़ रही है।
बिना पानी के लिए उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। अपनी इस परेशानी के स्थायी समाधान के लिए बुधवार को आरए परेड से काफी संख्या में महिलाएं और पुरुष कैंटाेनमेंट बोर्ड कार्यालय पहुंचे और समस्या के समाधान को लेकर उन्होंने लिखित में बोर्ड के मुख्य अधिशासी अधिकारी से गुहार लगाई।
इस मौके पर उनके साथ मौजूद कांग्रेस सेवादल अंबाला छावनी के अध्यक्ष शेलेंद्र कुमार ने बताया कि आरए परेड के निवासी जल आपूर्ति की समस्या से जूझ रहे हैं जबकि आरए परेड में तीन ट्यूबवेल लगे हुए हैं, बावजूद इसके यहां के निवासियों को दिन में दो घंटे भी दुरुस्त रूप से पानी उपलब्ध नहीं होता और न ही पानी आने का कोई निश्चित समय है। इस कारण स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस क्षेत्र में 70 प्रतिशत आबादी कामगार और मजदूर लोगों की है, जिन्हें सुबह आठ से साढे आठ के बीच कार्यस्थल के लिए हर हालत में निकलना पड़ता है, वहीं इनके बच्चों को भी सुबह सात बजे तैयार होकर स्कूल जाना पड़ता है। लेकिन नलों में पानी आने का समय सुबह आठ बजे के बाद है और वो भी कभी आधे तो कभी एक घंटे के लिए।
इस कारण सुबह नहाने-धोने और गृहणियों को घरेलू कार्य करने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं शाम को भी पानी आने का कोई सही समय नहीं है। कभी तीन बजे तो कभी पांच बजे पानी आता है और पानी को लेकर बार-बार नल के करीब चक्कर काटने पड़ते हैं। बोर्ड कार्यालय पहुंचे सभी लोगों ने गुहार लगाई की सुबह छह से आठ बजे तक और शाम को पांच से सात बजे तक दो-दो घंटे के लिए पानी की सप्लाई उच्च प्रेशर के साथ देने की अनुमति प्रदान करें।
पानी की पाइप लाइन ही नहीं
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कैंटोनमेंट बोर्ड सुविधाओं के मामले में सबसे अव्वल है। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। लेकिन अभी भी कुछ क्षेत्र ऐसे हैं,जहां पानी की पाइप लाइन ही नहीं है, इसलिए लोगों को दूर जाकर नल से पानी भरना पड़ता है। ऐसी ही एक गली आरए परेड में आदित्य साइकिल रिपेयर की दुकान के साथ से जा रही है, जिसमें आजतक पानी की पाइप लाइन ही नहीं बिछी है, जबकि इस गली में 25 से अधिक परिवार रहते हैं, जिन्हें पानी लेने के लिए मुख्य सड़क पर लगे हुए एक मात्र नल के पास घंटों लाइन में लगकर पानी भरना पड़ता है।
वर्जन
समस्या के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागीय कर्मचारी को निर्देश दिए हैं। पानी के समय के लिए भी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
रोहित आनंद शर्मा, मुख्य अधिशासी अधिकारी, सीबीए।